बैंकों का सुरक्षा ऑडिट

हुसैनाबाद के बैंकों का सुरक्षा ऑडिट, एसडीपीओ व थाना प्रभारी ने परखी व्यवस्था

सुरक्षा में कमी मिलने पर तत्काल दुरुस्त करने का दिया निर्देश

By : Ark Sahuliyar
हुसैनाबाद के बैंकों का सुरक्षा ऑडिट, एसडीपीओ व थाना प्रभारी ने परखी व्यवस्था

विकास कुमार/संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क:
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर हुसैनाबाद क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया. हुसैनाबाद एसडीपीओ IPS दिव्यांश शुक्ल और इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व मे विभिन्न बैंक शाखाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान पथरा एसबीआई, हुसैनाबाद मुख्य शाखा स्टेट बैंक, बाजार शाखा एसबीआई, केनरा बैंक सहित अन्य बैंकों का निरीक्षण किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बैंक के ब्रांच मैनेजर से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित पूरी जानकारी ली. साथ ही बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, फायर सिस्टम, सुरक्षा गार्ड, प्रवेश-निकास व्यवस्था, स्ट्रॉन्ग रूम, लॉकर रूम और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को परखा.

पुलिस अधिकारियो ने सीसीटीवी कैमरों की कवरेज और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जानकारी ली. वहीं अलार्म सिस्टम की स्थिति, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और उनकी मुस्तैदी की भी समीक्षा की गई. सुरक्षा गार्डों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान जहां भी सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाई गई, उसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश बैंक प्रबंधन को दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बैंक और आम ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. बैंक परिसर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया.