मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी प्रखंड में हो रहे बारिश ने सड़कों की हालत बिगाड़ कर रख दी है. विशेष रूप से खलारी स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर हल्की बारिश में भी जगह-जगह पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं और लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है.
सड़क के किनारे रहे लोगों के द्वारा कई हिस्सों में नाली का गंदा पानी जमा हो जाने से दुर्गंध फैल रही है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है. कीचड़ और गंदे पानी के कारण राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे नाली नहीं रहने के कारण बारिश का पानी सीधे सड़क पर ही बहता है और कई जगहों पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो जाता है. इससे सड़कें जगह-जगह टूटने लगी हैं और कीचड़ के कारण आवागमन बाधित हो रहा है.
ग्रामीण बताते हैं कि इस सड़क का कई बार निर्माण हो चुका है, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था पर कभी ध्यान नहीं दिया गया. न तो सड़क के किनारे नाली बनाई गई और न ही पानी के निकास की कोई ठोस व्यवस्था की गई. इसके कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन जाती है और लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अक्सर पुरानी सड़क को हटाए बिना ही उसके ऊपर नई सड़क बना दी जाती है, जिससे सड़क की ऊंचाई बढ़ती जा रही है. परिणामस्वरूप सड़क किनारे बने घर अपेक्षाकृत नीचे हो गए हैं और बारिश के दिनों में घरों में पानी घुसने की समस्या भी बढ़ गई है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों से कीचड़ और जमा पानी को जल्द हटाया जाए तथा स्थायी समाधान के लिए सड़क किनारे समुचित नाली निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें: मधुमक्खी पालन के लिए बांटे गए बॉक्स कबाड़ में तब्दील, ग्रामीणों ने उठाए सवाल – लाखों की योजना कागजों में सिमटी