राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: टीवीएनएल की रजवार कोल परियोजना क्षेत्र में कंपनी प्रबंधन और रैयतों के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है. परियोजना से प्रभावित ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं. इसी क्रम में सोमवार को रेंची गांव में ग्रामीणों और रैयतों ने परियोजना क्षेत्र में पहुंचे भूअर्जन विभाग के कर्मियों और अमीन को रोककर बैठा लिया.
ग्रामीणों का आरोप था कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र होने के बावजूद बिना ग्रामसभा और रैयतों से सहमति व बातचीत किए विभागीय गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कर्मियों को घेर लिया. बताया जाता है कि करीब तीन घंटे तक कर्मी ग्रामीणों के बीच रुके रहे.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और कर्मियों को मुक्त कराया गया.
बंधक बनाए गए कर्मी रवि कुमार ने बताया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सेक्शन-11 लागू किया गया है. इसके तहत एक रैयत की जमीन का सर्वे करने के लिए वे भूअर्जन विभाग की टीम के साथ पहुंचे थे. इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया.
वहीं पुनि सह थाना प्रभारी अशोक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ग्रामीणों द्वारा कर्मियों को रोककर बैठाया गया था. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर ग्रामीणों से वार्ता कर मामला शांत कराया गया और कर्मियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: गांडेय में 19 मई को लगेगा बिजली उपभोक्ताओं के लिए शिकायत निवारण शिविर