न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हथियार के बल पर हुई लूटपाट के मामले का पुलिस ने महज 10 दिनों में सफल उद्भेदन कर दिया. मामले में शामिल तीन अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था.
अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 68/2026, दिनांक 02 सितंबर 2026, धारा 309(4) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज इस मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया गया था.
SIT ने मानवीय, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ लगातार आसूचना संकलन और छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस की इसी कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने SIT में शामिल 33 पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. अधिकारियों ने टीम की तत्परता, तकनीकी जांच और बेहतर समन्वय की सराहना की.
इस सम्मान से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा है और जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सकारात्मक संदेश गया है.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में दुर्गापूजा को लेकर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने कमर कसी