संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड के आरोपी दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू का पुलिस ने रविवार दोपहर दो बजे पैदल मार्च निकाला. पुलिस हथकड़ी लगाकर शहर थाना से सेंट्रल जेल तक पैदल ले गई. बताते चलें कि दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू को पूछताछ के लिए पुलिस ने 24 घंटे के लिए रिमांड पर लिया था. रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सख्त कदम उठाते हुए सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने दिलीप तिवारी को शहर थाना से पैदल लेकर गई. इस क्रम में छ:मुहान से बस स्टेण्ड होते हुए जेलहाता चौक से जेल तक पैदल मार्च कराया गया.
यहां यह भी बता दें कि 25 अप्रैल की शाम रेडमा निवासी जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का उसके घर के समीप से अपहरण कर लिया गया था और बुरी तरह पिटाई करने के बाद हत्या कर दी गई थी. विनीत का नग्न शव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोरकट स्थित झाड़ी से बरामद की गई थी. इस संबंध में विनीत तिवारी के पिता ने दिलीप तिवारी के अलावा उसके भाई प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ शहर थाना में मुकदमा दर्ज कराया था. हाई प्रोफाइल मामला होने के बावजूद पुलिस अब तक दिलीप तिवारी को छोड़कर किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. पिछले दिनों पुलिस ने प्रदीप तिवारी समेत अन्य आरोपियों के घर पर न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार चिपकाया था और जल्द पुलिस के समक्ष या न्यायालय में सरेंडर करने की चेतावनी दी थी.
इधर रिमांड पर लेने के बाद दिलीप तिवारी ने पुलिस को विनीत हत्याकांड से जुड़े कई अहम जानकारी दी है, जिससे आगे के अनुसंधान में काफी मदद मिलने की उम्मीद है.
प्रशासन ने दिलीप तिवारी को पैदल मार्च कराकर स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करने पर कड़ी सजा देने से पुलिस पीछे नहीं हटेगी. शहर के बीचों-बीच इस तरह पैदल मार्च निकालने का मुख्य उद्देश्य इलाके के अपराधियों के मनोबल को पूरी तरह से तोड़ना और आम जनता के मन में सुरक्षा की भावना पैदा करना है.
इधर, पुलिस ने आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के आवास और उसकी जमीन की नापी भी करवा ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर महाकाल जल्द सरेंडर नहीं करता है, तो उसके घर और संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: रोहिणी परियोजना में डीजल चोरी की कोशिश नाकाम, सीआईएसएफ की तत्परता से 70 लीटर डीजल बरामद