चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जामताड़ा में दुर्गापूजा को लेकर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है. सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, एसडीपीओ/डीएसपी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए.
बैठक में लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण और आगामी दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई. सितंबर 2026 में जामताड़ा पुलिस ने 226 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि विभिन्न मामलों में वांछित 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
एसपी ने गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने और लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. जेल से हाल में बाहर आए तथा पूर्व में गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और सत्यापन कराने को कहा गया.
साइबर अपराध पर भी पुलिस को लगातार कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया. दुर्गापूजा को लेकर पूजा समितियों के साथ बैठक, संवेदनशील स्थानों की पहचान, विसर्जन मार्ग का सत्यापन और असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखने को कहा गया.
इसके अलावा बैंक, एटीएम, आभूषण दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास गश्ती बढ़ाने तथा विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम वाहन जांच चलाने का निर्देश दिया गया. सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, साइबर अपराध, बाल विवाह और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया.
यह भी पढ़ें: पुलिस, सीसीएल सिक्योरिटी, CISF की संयुक्त छापामारी में 5 अवैध कोयला लदे हाईवा वाहन जब्त