वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देशानुसार चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, खुलेआम शराब सेवन और अड्डेबाजी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.
अभियान के तहत आज चौपारण के चतरा मोड़ के समीप , स्कूल ग्राउंड, कॉलेज ग्राउंड, वाइन शॉप के आसपास स्थित होटलों तथा जीटी रोड किनारे कई संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच की गई. विशेष रूप से वाइन शॉप के बगल में संचालित होटलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खुलेआम शराब परोसने और पीने की शिकायतों पर सख्ती दिखाई. छापेमारी के दौरान कई होटल संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि बिना लाइसेंस शराब परोसना और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कराना कानूनन अपराध है. थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने स्पष्ट किया कि आज चेतावनी दी गई है, लेकिन कल से उल्लंघन पाए जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने अभियान के दौरान खुलेआम शराब पीते पाए गए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया है, जहां उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, इन लोगों को बांड भरवाकर छोड़ा जाएगा.
थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने कहा कि प्रखंड में कई होटल बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं, जहां खुलेआम शराब परोसी जा रही है. इससे क्षेत्र में अपराध और सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने यह भी बताया कि अवैध शराब की सप्लाई बिहार से होने की सूचना मिली है, जिस पर पुलिस विशेष नजर रखे हुए है और आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस प्रशासन के इस सख्त अभियान से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है.
यह भी पढ़ें: स्थानीय पत्रकार प्रमोद ठाकुर की पुत्री अनिशा कुमारी (तान्या) ने 82.60% अंक लाकर बढ़ाया मान