संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल, सरायकेला परिसर में शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को तम्बाकू एवं निकोटीन युक्त उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तम्बाकू नियंत्रण के प्रति जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था.
इस अवसर पर बताया गया कि राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत प्रतिवर्ष 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाया जाता है. वर्ष 2026 की थीम “अनमास्किंग द अपील : तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीतियों को उजागर करना” निर्धारित की गई है. इसके अंतर्गत आगामी एक माह तक जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान तम्बाकू एवं निकोटीन युक्त उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्यगत दुष्प्रभावों, कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों तथा कोटपा अधिनियम, 2003 के प्रावधानों की जानकारी दी गई. साथ ही उपस्थित लोगों को तम्बाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समुदाय को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया.
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को तम्बाकू सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की.
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे तम्बाकू एवं निकोटीन युक्त उत्पादों के सेवन से दूर रहें तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें. साथ ही अभिभावकों से विशेष रूप से युवाओं एवं किशोरों को तम्बाकू सेवन की प्रवृत्ति से दूर रखने हेतु सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया गया. मौके पर जिला परामर्शी (एनटीसीपी), डीपीए, सोशल वर्कर (एनटीसीपी), अस्पताल प्रबंधक सदर अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पाकुड़ पुलिस को हाथ लगी बड़ी सफलता, 48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर किया दो आरोपियों को गिरफ्तार