न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित सभागार में केंद्रीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा ने की.
बैठक में पूजा समितियों ने साफ-सफाई, जलापूर्ति, निर्बाध बिजली, महिला आरक्षियों की प्रतिनियुक्ति, पंडालों में बैरिकेडिंग, ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिटी बस की सुविधा तथा विसर्जन हेतु वाहनों की उपलब्धता जैसी व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव दिए.
सुरक्षा और शांति पर विशेष जोर
समिति सदस्यों ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि उत्सव के दौरान किसी भी अफवाह या विवाद से बचें. सोशल मीडिया पर फेक न्यूज को रोकने के लिए जिला प्रशासन विशेष निगरानी टीम गठित करेगा. वहीं सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन सर्विलांस और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.
यातायात और पार्किंग की तैयारी
रांची शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए प्लान तैयार किया गया है. साथ ही पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग जोन निर्धारित किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
उपायुक्त के निर्देश
उपायुक्त श्री भजंत्री ने पूजा समितियों को विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, बिजली वायरिंग और फायर सेफ्टी की एनओसी अनिवार्य रूप से लेने, पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और वॉलिंटियर्स की पहचान सुनिश्चित करने तथा विसर्जन वाहनों की फिटनेस जांच और चालक की पड़ताल पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सर्वोत्तम समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था करने वाली पूजा समिति को पुरस्कृत किया जाएगा.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि पूजा समितियां प्रशासन की “आंख, कान, नाक और पैर” हैं. उन्होंने हर समिति को 5-5 प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स नियुक्त करने, महिला वॉलिंटियर्स की तैनाती करने और पंडालों में महिला-पुरुषों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था करने का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर श्री अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री प्रवीण पुष्कर, अपर नगर आयुक्त समेत विभिन्न पूजा समिति और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के दौरान 24 घंटे जनता के सहयोग के लिए तत्पर रहेगा. साथ ही सभी विभागीय पदाधिकारी समितियों के सुझावों पर अमल करेंगे ताकि 2025 का दुर्गा उत्सव भव्य, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो.
यह भी पढ़ें: बगोदर का ऋतिक दास ‘राष्ट्रीय मेधा पुरस्कार’ से सम्मानित, विद्यालय और परिवार का नाम किया रोशन