संतोष मेहता/न्यूज़ 11 भारत
तमाड़/डेस्क: आगामी रामनवमी, सरहुल एवं ईद जैसे प्रमुख त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर तमाड़ थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) किस्टो कुमार बेसरा ने की. इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम किष्टो कुमार बेसरा ने कहा कि तमाड़ क्षेत्र की पहचान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है, जिसे हर हाल में बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी समुदायों से अपील करते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मौके पर उपस्थित बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती अभियान तेज किया जाएगा. उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय ही शांति बनाए रखने की सबसे बड़ी कुंजी है.
तमाड़ अंचलाधिकारी समरेश प्रसाद भंडारी ने कहा कि सभी धार्मिक जुलूस एवं कार्यक्रम निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाले जाएं. किसी भी प्रकार की नई परंपरा या मार्ग परिवर्तन के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार मोदी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए शांति और भाईचारे का संदेश फैलाएं.
बैठक के दौरान विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे और प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि तमाड़ क्षेत्र में सभी त्यौहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे.
अंत में प्रशासन की ओर से यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में लोग तुरंत नजदीकी थाना या प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
यह भी पढ़ें: रमजान के दौरान इफ्तार पार्टी का उद्देश्य सद्भाव और भाईचारे का बढ़ावा देना - डॉ इब्राहिम अंसारी