संदीप बरनवाल/न्यूज़11 भारत
गावां/डेस्क: होली फैथ पब्लिक स्कूल गावां में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता का सम्मान किया.
होली फैथ पब्लिक स्कूल में मातृ-पितृ दिवस एवं अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के आयोजन में माल्डा निवासी संदीप गुप्ता एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम विद्यालय पहुंचे सभी अभिभावकों को सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया. तत्पश्चात छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता के चरण छूकर प्रणाम किया व माल्यार्पण करते हुए तिलक-चंदन लगाकर, आदर पूर्वक आरती कर उनका सम्मान किया. इस दौरान माता-पिता ने भी बच्चों को हृदय से लगाकर उन्हें आशीर्वाद देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस दौरान संदीप गुप्ता ने कहा कि अभी के समय में युवा पीढ़ी भटकती जा रही है, मोबाइल के कारण बच्चे बिगड़ते जा रहे हैं. लोग पश्चिमी संस्कृति को अपनाकर अपने संस्कार भूलते जा रहे हैं. इसलिए यह जरूरी है कि इस दौर में बच्चों को अच्छे संस्कार के साथ उनका पालन पोषण हो और अच्छी शिक्षा मिले. इसलिए वैलेंटाइन डे के बजाय इस दिन मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाने पर जोर दिया गया है. इस दौरान बच्चों के साथ साथ अभिभावकों की भी आंखें भर आईं. कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मुकेश चौधरी, विक्रम कुमार, संदीप बरनवाल, आकाश कुमार, टिंकू सिंह, सोंनु विश्वकर्मा, रेशमा परवीन, रंजीत हलवाई, पिंटू राणा, बबलु राम आदि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: विधायक सविता महतो के प्रयास से बीएसआईएल-बनराज स्टील के 350 मजदूरों को मिला बकाया वेतन