प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. प्रखंड के सभी लैंपस गोदामों में लगभग एक माह से ताला लटका हुआ है.जिससे धान की खरीद पूरी तरह ठप पड़ी है. सरकारी स्तर पर धान खरीद शुरू नहीं होने से किसान पूरी तरह मायूस नजर आ रहे हैं.किसानों का कहना है कि वे अपनी मेहनत से उपजाए गए धान को बेचने के लिए रोज़ाना गोदामों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन गोदाम बंद मिलने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. कई किसानों ने बताया कि धान घरों में रखा-रखा खराब होने की आशंका बढ़ गई है, वहीं बाजार में औने-पौने दाम पर बेचने की मजबूरी भी बनती जा रही है.धान खरीद में देरी को लेकर किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाया है. किसानों का कहना है कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अविलंब लैंपस गोदामों को खोला जाए और धान खरीद प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके.अब देखना यह होगा कि प्रशासन किसानों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है, या फिर किसान इसी तरह व्यवस्था के भरोसे बैठे रहेंगे.
यह भी पढ़ें: भुगतान से इनकार करने पर न्यायालय ने दिया सख्त आदेश, अभियुक्त को भेजा गया जेल