न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: निरसा थाना क्षेत्र में कल शनिवार देर शाम एक बेकाबू ट्रक ने भयानक तबाही मचाई. बलियापुर से कलियासोल की ओर जा रहे ट्रक ने पिंडराहट के पास एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद ट्रक चालक रुकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने लगा और रास्ते में कई बाइक को टक्कर मारने के साथ-साथ करीब दो-तीन मवेशियों को भी कुचल दिया. ट्रक का पीछा करते हुए दर्जनों लोग फटका पुल तक पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी.
इसकी सूचना मिलते ही निरसा पुलिस के एसआई गौरव कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे. निरसा मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष विजय यादव ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ से चालक को बचाने में सहयोग किया. बाद में निरसा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अजीत भारती पुलिस बल के साथ पहुंचे और एसडीपीओ लीलेश्वर महतो को सूचना दी. इसके बाद आसपास के थानों और ओपी की पुलिस को मौके पर बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया.
गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए धनबाद भेजा गया, जबकि क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना ले जाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: बैंक डकैती में शामिल लुटेरों की हुई पहचान, पुलिस ने जारी की तस्वीरें