राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़ छावनी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-6 में डीएमएफटी मद से स्वीकृत खेमलाल महतो के घर से भीम महतो के घर होते हुए चाइल्ड स्टार स्कूल तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह युवा नेता राजीव जायसवाल ने किया. शिलान्यास के साथ ही क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग पूरी होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई.
इस अवसर पर राजीव जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी तथा विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को इसका लाभ मिलेगा. बरसात के दिनों में इस मार्ग पर होने वाली परेशानियों से भी लोगों को राहत मिलेगी.
राजीव जायसवाल ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही विकास कार्यों की सबसे बड़ी ताकत है.
शिलान्यास कार्यक्रम में कैंट मंडल सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह, विधायक प्रतिनिधि संजय साव, पंकज तिवारी, दयासागर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए प्रसन्नता व्यक्त की और उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम होगा.
स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पीसीसी पथ लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता थी. सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से मोहल्लेवासियों में उत्साह का माहौल है. डीएमएफटी मद से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के जीवन को भी अधिक सुविधाजनक बनाएगी.
यह भी पढ़ें: देवरी थाना क्षेत्र के खसलोडीह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 12 लोगों पर मामला दर्ज