राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: झारखंड राज्य स्थापना के 25वें वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती समारोह के दूसरे दिन बुधवार को चंदवा प्रखंड क्षेत्र में आवास योजना पर केंद्रित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को आवास योजनाओं की जानकारी देना, लाभुकों को सम्मानित करना तथा उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना था. इस अवसर पर प्रखंड के सभी 17 पंचायतों में लाभुक चयन, संकल्प सभा और लाभार्थी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए. कुल 17 पंचायतों में 54 संकल्प सभाओं का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 1200 ग्रामीण जुड़े, जिन्हें पीएम व अबुआ आवास योजना की राशि का सदुपयोग करने और गांव को स्वच्छ व सुंदर बनाने की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम के दौरान 61 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया, जिससे उनके सपनों का आशियाना साकार हुआ. वहीं 114 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया. बीडीओ चन्दन प्रसाद ने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी ग्रामीण परिवार बिना घर के न रहे. उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे आवास योजना की राशि का सही उपयोग करें और स्वच्छता व विकास में सहयोग दें. कार्यक्रम को सफल बनाने आवास योजना के कंप्यूटर ऑपरेटर प्रिंश कुमार , पंचायती राज प्रखंड समन्वयक रितेश कुमार, पंचायत सहायक राहुल कुमार, मनीष कुमार, राजन कुमार समेत विभिन्न पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य ने अहम योगदान दिया.
यह भी पढ़ें: 25 वर्षों की यात्रा: संस्कृति, विकास और उम्मीदों की कहानी, विद्यालयों में पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता