प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत.
भरनो/डेस्क: उपायुक्त गुमला के निर्देशानुसार भरनो प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को सदर अस्पताल गुमला के ब्लड बैंक की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया.शिविर का उद्घाटन बीडीओ अरुण कुमार सिंह एवं सीओ अविनाश कुजूर ने संयुक्त रूप से किया.इस दौरान उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.शिविर में स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम के नेतृत्व में दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया.पूरे शिविर के दौरान कुल 7 यूनिट रक्त संग्रह किया गया,जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा.
मौके पर बीडीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता है.उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास किसी दूसरे व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की,ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की कमी से किसी की जान न जाए.वहीं सीओ अविनाश कुजूर ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने का काम करते हैं और लोगों को मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं.मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम ने कहा कि रक्तदान शिविर के माध्यम से न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराया गया,बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूती मिली.ऐसे आयोजन लोगों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाते हैं.इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो के बीपीएम रविन्द्र कुमार,राणा चंदन सिंह, प्रवीण कुमार,अनीता कुजूर, प्रेम प्रसाद,कपिल गोप सहित सीएचसी भरनो एवं ब्लड बैंक गुमला के कई कर्मी उपस्थित थे,जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: प्यासे गांव, अधूरी जल-नल योजना, एक किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण