न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: पाखर-लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ हुसैन बब्लू के नेतृत्व में एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पाखर माइंस पहुंचा, जहां कंपनी प्रबंधन के साथ ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत एवं सकारात्मक बैठक हुई. बैठक में सड़क सुरक्षा, ट्रांसपोर्ट संचालन की पारदर्शिता तथा ट्रक मालिकों और चालकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई. कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया. बैठक में सड़क सुरक्षा, चलान की टाइमिंग, किलोमीटर निर्धारण, ट्रिप व्यवस्था, फोर्टनाइट पेमेंट, टोकन सिस्टम तथा ट्रांसपोर्टिंग कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ.
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण ट्रक मालिकों और चालकों को आर्थिक एवं परिचालन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने मांग की कि परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए ताकि सभी हितधारकों को इसका लाभ मिल सके. कंपनी प्रबंधन ने एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्रत्येक बिंदु पर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बैठक में यह भी सहमति बनी कि भविष्य में समय-समय पर संवाद के माध्यम से समस्याओं की समीक्षा कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. एसोसिएशन हमेशा संवाद और आपसी समन्वय के माध्यम से समाधान में विश्वास रखता है. हमारी प्राथमिकता किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि ट्रक मालिकों के हितों की रक्षा और सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है. कंपनी प्रबंधन ने हमारी बातों को गंभीरता से सुना है और जल्द समाधान का भरोसा दिया है.
बैठक में कंपनी की ओर से लॉजिस्टिक हेड अभिषेक कुमार, कॉरपोरेट सेक्टर से पिंटू दास, माइंस मैनेजर संजय सिंह, जितेंद्र कुमार तथा ट्रांसपोर्टर सत्यजीत सिंह उपस्थित रहे. वहीं एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष आरिफ हुसैन बब्लू, सचिव मुस्तफा अंसारी, एहसान कुरैशी, फिरोज अंसारी, शाकिर अंसारी, सरवर आलम पाले, इकरामुल अंसारी, ज़ियाउल अंसारी, मो. आलम, उमर अंसारी, आसिफ अंसारी, मो. सैफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे.