न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राज्य में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ हैं. गुमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 24 घंटों में सबसे कम रहा. पलामू में 5.7 डिग्री, बोकारो में 7.5 डिग्री और राजधानी रांची में 7.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. हालांकि न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी देखी गई है लेकिन बर्फीली हवा और कनकनी ने लोगों की मुश्किलें कम नहीं की हैं.
सुबह 9 बजे तक नहीं निकल रही धूप
ठंड और कोहरे का आलम यह है कि सुबह 9 बजे तक धूप के दर्शन नहीं हो रहे. घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम हो गई हैं. सुबह 8 बजे के आसपास सड़कों पर निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है, जिससे सुबह के समय सड़कें भी सुनसान नजर आ रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड में ठंड और कोहरे की यह स्थिति अगले 7 दिनों तक बनी रह सकती हाँ. खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई हैं.
9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में घने कुहासे का येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता हैं. कोहरे के कारण इन इलाकों में विजिबिलिटी 50 से 500 मीटर के बीच रहने की संभावना हैं. ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में सर्द हवाओं का असर रहेगा और ठंड बरकरार रहेगी. वहीं, अगले 2 दिनों में राज्य के उत्तरी भाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया हैं.
यह भी पढ़े: नहीं थम रहा बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमला... चाकू से गोदने के बाद व्यापारी को जिंदा जलाने की कोशिश