पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा शुक्रवार को अपर समाहर्ता, गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाईक द्वारा प्रखंड घाघरा अंतर्गत पंचायत चपका के बरकाडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया गया.निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं की स्थिति एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया. इस क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं एएनएम से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की समीक्षा की.
उन्होंने केंद्र में प्रतिनियुक्त सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वास्थ्य सहियाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने हेतु स्वास्थ्य केंद्र का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने स्वयं भी स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के तहत अपना ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच कराई तथा सेवाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव लिया.क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, खाद आपूर्ति पदाधिकारी, घाघरा, संबंधित पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सुवेंदु अधिकारी को हार्दिक चम्पाई सोरेन ने दी बधाई