प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: चक्रवाती मौसम के प्रभाव के बीच पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित है. इसी क्रम में शुक्रवार को भरनो प्रखंड के सुपा पंचायत अंतर्गत डाडकेशा गांव में एक विशालकाय इमली का पेड़ मिट्टी के मकान पर गिर गया. पेड़ गिरने से मुंदर महली का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने बारिश के इस मौसम में रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. बताया जाता है कि शुक्रवार को तेज हवा और लगातार बारिश के दौरान अचानक विशाल इमली का पेड़ जड़ समेत उखड़कर मुंदर महली के मिट्टी के घर पर जा गिरा. पेड़ के गिरने से घर की छत और दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. गनीमत रही कि घटना के दौरान परिवार के किसी सदस्य के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि घर के क्षतिग्रस्त हो जाने से परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पीड़ित मुंदर महली ने बताया कि बारिश के कारण घर पहले से ही कमजोर हो गया था. इसी बीच तेज हवा के दौरान विशाल पेड़ घर पर गिर गया,जिससे उनका आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के बीच परिवार को सुरक्षित रखने में काफी परेशानी हो रही है. घर रहने लायक नहीं बचा है और परिवार के सामने अब सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद सुपा पंचायत के मुखिया सुशील उरांव डाडकेशा गांव पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मुखिया ने प्रशासन से आपदा प्रबंधन मद के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है,ताकि परिवार को बारिश के दौरान सुरक्षित आश्रय मिल सके. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लेकर पीड़ित परिवार को राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीणों ने कमजोर मकानों और पेड़ों के आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की अपील की है.