संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 3 करोड़ 53 लाख 99 हजार 613 रुपये की लागत से बनने वाले चार प्रयोगशाला भवन एवं 16 अतिरिक्त वर्ग कक्ष भवन निर्माण कार्य का सोमवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया. इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से इन भवनों का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि एसएन उच्च विद्यालय टीकर, उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय देवलटांड़, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह कुकड़ू तथा उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय चौका में प्रयोगशाला भवन का निर्माण कराया जाएगा.
इन चार प्रयोगशाला भवनों के निर्माण पर 1 करोड़ 48 लाख 27 हजार 815 रुपये खर्च होंगे. वहीं विक्रमादित्य प्लस टू उच्च विद्यालय ईचागढ़ में पांच अतिरिक्त वर्ग कक्ष तथा एएन प्लस टू उच्च विद्यालय पीलीद में 11 अतिरिक्त वर्ग कक्ष का निर्माण किया जाएगा. इन 16 अतिरिक्त वर्ग कक्ष भवनों के निर्माण पर 2 करोड़ 2 लाख 71 हजार 798 रुपये की लागत आएगी. विधायक ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.
प्रयोगशाला भवन बनने से विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा, जबकि अतिरिक्त कक्षा भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को पठन-पाठन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा. उन्होंने निर्माण कार्य करने वाले संवेदक को निर्धारित मापदंड के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर प्रमुख गुरुपद मार्डी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सपन आदित्यदेव, नरेन गोप, अमित सिन्हा, पंचानन पातर, मधु गोप, हरेन महतो, पशुपति बागची समेत विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: डंडे के खौफ से एकलव्य विद्यालय मंगरा में बाउंड्री फांद कर भागे पांच छात्र, प्रधानाध्यापक पर मारपीट का गंभीर आरोप