रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: मझगांव प्रखंड में हाथी से प्रभावित दोनों परिवार को सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधा का लाभ यथाशीघ्र दिया जाएगा. यह बातें मझगांव प्रखंड के बेनीसागर और तीलोकुटी गांव में हाथी के हमले से मृतक परिवार से मुलाकात करते हुए मंगलवार को मझगांव विधानसभा के विधायक निरल पूर्ति ने कहा. विधायक ने कहा कि हाथी के हमले से तिलोकुटी और बेनीसागर गांव के दो युवकों की मौत हो गई, उनके पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दिया गया है. साथ ही पास के गांव में हाथी के द्वारा तोड़े गए घर का अवलोकन भी किया गया. हाथी से प्रभावित सभी परिवार को मेरे द्वारा तत्काल आर्थिक सहायता दी गई है. जबकि हाथी के हमले से मृतक दोनों परिवार को सरकार की ओर से दी जाने वाली चार-चार लाख रुपए मुआवजा का राशि तत्काल उपलब्ध करवाने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और वन विभाग के पदाधिकारी को दिया गया है. दौरे के दौरान मेरे साथ संबंधित पदाधिकारी भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और आश्वासन दिए हैं कि जल्द ही उचित मुआवजा परिवार को उपलब्ध करवा दिया जाएगा. कागजी प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है. इसलिए मुआवजा मिलने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. विधायक निरल पूर्ति ने फोन के जरिए चाईबासा वन प्रमंडल पदाधिकारी से बात कर क्षेत्र में मौजूद हाथियों को सुरक्षित निकालने निर्देश भी दिए.
विधायक निरल पूर्ति ने ये कहा
विधायक ने कहा कि इस प्रकार का अचानक हुए हमले से मझगांव विधानसभा के दो परिवार पूरी तरह टूट गए हैं, उन्हें हर संभव मदद झारखंड सरकार के द्वारा किया जाएगा. साथ ही उनके परिवार को भविष्य में भी किसी प्रकार के परेशानी होगी तो एक जनप्रतिनिधि के नाते उनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे. वर्तमान समय भी क्षेत्र में कुछ हाथियों के भ्रमण की जानकारी मिली है इसलिए वन विभाग की पूरी टीम पूरे मुस्तादी के साथ हाथियों को सुरक्षित स्थान पहुंचने में सहयोग करें जिससे लोगों की जान माल का नुकसान नहीं हो पाए. इस मौके पर गोकुल पोलार्ड , मो. मुजाहिद, जिला परिषद सदस्य पूनम जेराई , आबेदीन अंसारी, राजा लालू , विवेक, सुखलाल पिंगुआ , जगन्नाथ समेत अन्य झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढें: उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध छापामारी, 1.86 लीटर विदेशी शराब समेत दो अभियुक्त गिरफ्तार