प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से निपटने के लिए भरनो प्रखंड कार्यालय सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.बैठक की अध्यक्षता कनीय अभियंता रितेश कुमार एवं प्रखंड कॉर्डिनेटर रूपधारी साहू ने संयुक्त रूप से की.इसमें प्रखंड के सभी जल सहियाओं ने भाग लिया.
बैठक को संबोधित करते हुए कनीय अभियंता रितेश कुमार ने कहा कि तेज गर्मी और लू के कारण कई गांवों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है.ऐसी स्थिति में यदि किसी भी गांव,टोला या मुहल्ले में चापानल या जलमीनार खराब हो,तो इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी जाए,ताकि त्वरित मरम्मत कर समस्या का समाधान किया जा सके.उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रखंड के किसी भी गांव में पानी की किल्लत की शिकायत नहीं आनी चाहिए.यदि ऐसी शिकायत मिलती है,तो संबंधित क्षेत्र की जल सहिया को जिम्मेदार माना जाएगा.जल सहियाओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें.
प्रखंड कॉर्डिनेटर रूपधारी साहू ने बैठक में चल रहे स्वच्छता कार्यों की भी समीक्षा की.उन्होंने बताया कि प्रखंड में शौचालय निर्माण और नाडेफ टैंक के निर्माण कार्य चल रहे हैं.शौचालय निर्माण के लिए लाभुकों को 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है,जिसके लिए उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है.बैठक में जल सहिया सरोज केशरी,सरिता देवी,संजो देवी,रौनक बीबी,शहनाज बीबी,सावित्री देवी,सरोज कुजूर सहित प्रखंड के सभी जल सहिया मौजूद रहे.बैठक के अंत में सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया,ताकि गर्मी के मौसम में किसी भी गांव में पेयजल संकट उत्पन्न न हो.
यह भी पढ़ें: घाघरा थाने के पीछे कचरे से उठी चिंगारी से ‘आग का तांडव’, चपेट में आए जब्त वाहन हुए राख, गुमटी भी स्वाहा