न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को CISF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया. यह कार्रवाई गयाजी पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. दोनों युवक रांची से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाले थे. मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाइट संख्या 6E-6799 से यात्रा कर रहे मोहम्मद अरशद रेहान और मोहम्मद शाहबाज आलम को CISF ने एयरपोर्ट के सुरक्षा क्षेत्र से बाहर लाकर पूछताछ की. प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए एयरपोर्ट थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
सूत्रों के मुताबिक, दोनों युवकों का नाम गयाजी में हुई एक मारपीट की घटना में सामने आया था. इस मामले को लेकर गयाजी के स्थानीय थाना में पहले से प्राथमिकी दर्ज है. इसी संबंध में गयाजी पुलिस ने रांची एयरपोर्ट प्रशासन और CISF को सूचना उपलब्ध कराई थी. सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं और दोनों यात्रियों को यात्रा से पहले ही रोक लिया गया. फिलहाल एयरपोर्ट थाना पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गयाजी पुलिस से प्राप्त जानकारी और दर्ज मामले के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: डुमरी में खाना बनाते समय साड़ी में लगी आग, गृहिणी गंभीर रूप से झुलसी