न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे के जपला रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया. प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर 53611 डीजीआर पैसेंजर ट्रेन से उतरकर दर्जनों यात्री जल्दबाजी में रेलवे पटरी पार कर रहे थे. इसी दौरान दूसरी पटरी पर मालगाड़ी आ गई. मालगाड़ी को सामने आते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग किसी तरह पटरी से दूर हटे. बताया जाता है कि इन दिनों हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में काली कंबल वाले बाबा का दरबार लगा हुआ है. यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे ट्रेनों और जपला स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है.
ट्रेन के रुकते ही कई यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे लाइन पार करने लगे. इसी दौरान मालगाड़ी के लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाया. बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की रफ्तार धीमी थी, जिसके कारण यात्रियों को पटरी से हटने का समय मिल गया और बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों और यात्रियों ने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती और यात्रियों को पटरी पार करने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए.