प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड के मंगरा रेलवे स्टेशन के समीप खेल मैदान में रविवार को आईएफसी क्लब मंगरा के तत्वावधान में महाराजा मेदिनी राय की स्मृति में वार्षिक फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
उद्घाटन के बाद विधायक रामचंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर एवं बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार समेत अन्य अतिथियों ने मैदान में उतरी बरवाडीह छेचा और पलामू जिले के किशुनपुर की टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया. अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर खेल का प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं.
मौके पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच और बेहतर अवसर मिले. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर कई खिलाड़ी प्रखंड से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं.
जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए लगातार मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं प्रोत्साहन देने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी पहल की जा रही है.उद्घाटन मैच में बरवाडीह छेचा और किशुनपुर की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. छेचा की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए किशुनपुर की टीम पर दबाव बनाए रखा. शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छेचा ने किशुनपुर को 3-0 से पराजित कर उद्घाटन मुकाबला अपने नाम कर लिया. मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीण मैदान में मौजूद रहे.
मौके पर प्रेम सिंह पिंटू, हरीश सिंह, लक्ष्मण सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, उमेश उजाला, गौतम पटेल, अनिल कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, मुखिया विपिन बिहारी सिंह, पंचायत समिति सदस्य सुनीता देवी, पूर्व मुखिया सूरज देव सिंह, मनोज जायसवाल, शिवानंद तिवारी, अनिल सिंह, रविंद्र राम, अवधेश मेहरा, हुलास सिंह, शेख फिरोज, नाजमी अनवर, ओम प्रकाश गुप्ता, शमशुल अंसारी, अर्थव सिंह समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: आजसू में जिला कमेटी भंग, केंद्रीय महासचिव के इस्तीफे के बाद पार्टी नेताओं ने दिखाया दम