संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: शुक्रवार को खोरीमहुआ एलआरडीसी सुनील प्रजापति मनरेगा योजना की जांच करने गावां पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पटना पंचायत में आम बागवानी योजना की जांच की. जांच में पाया गया कि जिस ज़मीन पर आम बागवानी दिखाई गई है, वहां आम के पौधों की जगह जंगल झाड़ लगे हुए थे, जबकि एक बगल की बागवानी में कुछ आम के पौधे पाए गए. बताया गया कि जिस ज़मीन पर बागवानी की गई है, वह गैरमजरूआ प्लॉट या फॉरेस्ट की जमीन प्रतीत हो रही है, जबकि यह योजना व्यक्तिगत है और इसे रैयती जमीन पर होना चाहिए. वहीं उन्होंने अबुआ आवास की भी जांच की.
जांच में पाया गया कि लाभुक मनोज दास का नाम सूची में रहने के बावजूद उन्हें आवास का लाभ नहीं मिला है. उनका घर बारिश में गिर गया है और परिवार टूटे-फूटे घर में रहने को विवश है. इसपर उन्होंने आश्वासन दिया कि उन्हें अंबेडकर आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा. बाद में उन्होंने मनरेगा कूप की भी जांच की. इस संबंध में एलआरडीसी सुनील प्रजापति ने कहा कि जांच के दौरान कुछ योजनाओं में गड़बड़ी मिली है. जिसकी रिपोर्ट तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए डीसी को सौंपा जाएगा. कहा कि आमबागवानी में खास गैरमजरूआ भूमि में लगाए जाने की बात सामने आ रही है. जिसकी जांच के लिए अंचल को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है.
मौके पर बीडीओ महेंद्र रविदास, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अजय सिंह, एमओ प्रदीप राम, सोनू कुमार शिव नारायण यादव उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चंदनकियारी में वनांचल आंदोलनकारी कृपानाथ की 5वीं पुण्यतिथि मनाई गयी