न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: नशे में वाहन चलाने की लापरवाही ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं. कुडू के हमीदनगर निवासी नासिर अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र फिरोज अंसारी ने दुर्घटना के लगभग 13 दिन बाद रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार 17 जून को दोपहर करीब डेढ़ बजे फिरोज अंसारी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किसी कार्य से लोहरदगा जा रहे थे.
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की अपाचे बाइक संख्या जेएच08के-5467 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपाचे मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे और वे नशे की हालत में थे. परिजनों ने टक्कर मारने वालों की पहचान ननतिलो स्थित संत चार्ल्स स्कूल के समीप रहने वाले सत्तार अंसारी के पुत्र खुर्शीद अंसारी एवं उसके दो साथियों के रूप में की थी. दुर्घटना के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए.
मृतक का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर बताया जा रहा है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दर्दनाक बात यह है कि इससे पूर्व मार्च 2025 में फिरोज के छोटे भाई अफरोज अंसारी की टाटी स्थित एक वेल्डिंग दुकान में काम करने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी. एक वर्ष के भीतर परिवार के दो जवान बेटों की मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है. क्षेत्र के लोग भी इस परिवार पर आए दुखों के इस पहाड़ को देखकर भावुक हैं.
नशे की रफ्तार ने छीनी एक और जान, कड़ी कार्रवाई की मांग तेज
इस घटना ने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच और कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें: बरकट्ठा में झुरझुरी-पेसरा मार्ग के किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में सनसनी