‘खेलो इंडिया संवाद’

ए.के. सिंह कॉलेज जपला में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम

पीएम मोदी के वर्चुअल संबोधन का छात्र-छात्राओं और युवाओं ने किया लाइव प्रसारण

By : Ark Sahuliyar
ए.के. सिंह कॉलेज जपला में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम

न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क:
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित देशव्यापी युवा कनेक्ट कार्यक्रम के तहत ए.के. सिंह कॉलेज जपला में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में हुआ. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल लाइव संबोधन का छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने अवलोकन किया. कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत हुसैनाबाद के अध्यक्ष अजय भारती, महाविद्यालय सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राजेश कुमार सिंह, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक सतीश शर्मा, नेशनल रेफरी मनोज शर्मा, नेशनल एथलीट शिवानी सिंह समेत महाविद्यालय के पदाधिकारी, प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

खेल से अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास
महाविद्यालय के सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. पढ़ाई के साथ खेल को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए. प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह ने कहा कि युवाओं को खेल और शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को सही दिशा देनी चाहिए. उन्होंने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए संघर्ष करना जरूरी है.

2036 ओलंपिक को लेकर युवाओं को किया प्रेरित
मुख्य अतिथि विजय ओझा ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में युवाओं को खेल के प्रति आकर्षित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों का आयोजन प्रस्तावित है. ऐसे में क्षेत्र के युवा अभी से अपने करियर को लेकर सजग होकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं.नगर पंचायत अध्यक्ष अजय भारती ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की. नेशनल रेफरी मनोज शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि लेना भी जरूरी है.नेशनल एथलीट शिवानी सिंह ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल मैदान जरूरी हैं. युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार किसी एक खेल का चयन कर उसमें करियर बनाने का प्रयास करना चाहिए.

माय भारत पोर्टल पर पंजीयन के लिए किया प्रेरित
मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक सतीश शर्मा ने युवाओं को प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद अपने विचार साझा करने के लिए उपलब्ध स्कैनर के माध्यम से प्रतिक्रिया देने की जानकारी दी. उन्होंने युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया. एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि माय भारत पोर्टल युवाओं को विभिन्न क्विज, एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम, वॉलिंटियर्स भारत और नॉलेज इंस्टीट्यूशन जैसी गतिविधियों से जुड़ने का अवसर देता है. कार्यक्रम का मंच संचालन गौरव कुमार और प्राजक्ता कुमारी ने किया. इस दौरान सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई. धन्यवाद ज्ञापन प्रो. सूर्यमणि सिंह ने किया. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.