मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के बचरा ऑफिसर क्लब में शनिवार को भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की झारखंड राज्य इकाई एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन, पिपरवार नगर कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय सम्मेलन सह कार्यशाला का आयोजन किया गया. “डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता एवं चुनौतियां” विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, साहिबगंज और पाकुड़ सहित कई जिलों से सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए.
पत्रकारों के सामने चुनौतियां, लेकिन विश्वसनीयता कायम: संपूर्णानंद भारती कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णानंद भारती ने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारों के सामने चुनौतियां बढ़ी हैं, लेकिन उनकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया जा सकता. उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया ने पत्रकारिता में नई क्रांति लाई है, जहां हर व्यक्ति सूचना प्रसारित कर रहा है, ऐसे में पेशेवर पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन खबर चलाना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है. डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को आचार संहिता का पालन करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकारों को झूठे मुकदमों में फंसाया जाना गंभीर चिंता का विषय है. इन चुनौतियों से निपटने के लिए पत्रकारों को संगठित रहना होगा.
झारखंड में पत्रकार सबसे ज्यादा उपेक्षित - शाहनवाज हसन भारती
श्रमजीवी पत्रकार संघ एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि झारखंड दुर्भाग्य से ऐसा राज्य बन गया है, जहां पत्रकारों को कोई ठोस सुविधा नहीं मिल रही है. उन्होंने कहा कि पत्रकार पेंशन योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाएं अब तक लागू नहीं की गई हैं.
उन्होंने कहा कि विधायक और मंत्री के बीमार होने पर उन्हें विशेष सुविधा मिलती है, लेकिन पत्रकारों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है. दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों को सरकारी सहायता नहीं मिलती. उन्होंने कहा कि अब पत्रकार अपने अधिकार और सम्मान के लिए मजबूती से आवाज बुलंद करेंगे.
निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी: एसके सिंह
कार्यक्रम के मुख्य विशिष्ट अतिथि सीसीएल के जीएम ईएंडटी एसके सिंह ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी पत्रकारिता लोकतंत्र की रीढ़ है. उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया पर भ्रामक खबरों को रोकना जिम्मेदार पत्रकारों का कर्तव्य है.
झामुमो सिमरिया विधानसभा प्रभारी मनोज चंद्रा ने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा दिया.
इस अवसर पर पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, महालक्ष्मी कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज राजू भाई पटेल, आरवीएम केंद्रीय उपाध्यक्ष इकबाल हुसैन, मुखिया रीना देवी एवं सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह भी उपस्थित थे.
दीप प्रज्वलन और सम्मान के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई. बचरा हाई स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. आयोजन समिति द्वारा अतिथियों को शॉल, अंगवस्त्र, पौधा एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का संचालन रविंद्र कुमार सिंह एवं मासूम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नरेश चंद्र चौरसिया ने किया.
इन पत्रकारों की रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर संगठन के आजीवन सदस्य सुभाषिष झा, चतरा प्रेस क्लब अध्यक्ष सुनील कश्यप, प्रदेश सचिव अजीत सिन्हा, रांची जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, हजारीबाग जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, कोडरमा जिला महासचिव अनिल सिन्हा, चतरा जिला अध्यक्ष महेंद्र यादव, साथ ही धीरेंद्र प्रसाद, दिनेश पांडे, अरुण चौरसिया, मनोज प्रसाद, अनिल पांडे, संजय गुप्ता, गोपी चौरसिया, अर्जुन सोनी, मोहम्मद गुलजार, मोहम्मद अशफर, विनीत कुमार, मोहसिन अंसारी, विश्वजीत चौहान, प्रकाश कुमार, प्रभाकर श्रीवास्तव, मोहम्मद नूर, उदय प्रताप सिंह, अजीज अंसारी, नौशाद आलम, बंटी (घनश्याम), श्रीकांत राणा, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार, आकाश सोनी, कुंदन पासवान, शैलेश कुमार, अरविंद कुमार, बबलू कुमार सहित सैकड़ों पत्रकार मौजूद थे. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पिपरवार नगर कमेटी के मासूम अंसारी, नरेश चौरसिया, अशोक सिंह, राकेश सिंह, जयप्रकाश शाहा, याकूब अली, विपिन नायक, परवेज आलम, मुमताज अहमद, संजीव मिश्रा, आदर्श विश्वकर्मा, रशीद अंसारी, अरशद अंसारी एवं सनोज महतो सहित अन्य पत्रकारों की सराहनीय भूमिका रही.
यह भी पढ़ें: गढ़वा जिले में भी भाजपा अनुशासन को लेकर हुई सख्त, बागी होकर चुनाव लड़ रहे अलखनाथ पांडेय से मांगा स्पष्टीकरण