संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरा पंचायत के कोईरियाडीह गांव में ग्रामीण जल नल योजना पूरी तरह से भ्रष्टाचार और ठेकेदार की लापरवाही की भेंट चढ़ गई है. ठेकेदार द्वारा जल मीनार का पाइप कनेक्शन अचानक काट दिए जाने के कारण स्थानीय ग्रामीण पिछले चार महीनों से पेयजल के लिए गंभीर संकट से जूझ रहे हैं और पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं.
ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा बयां करते हुए बताया कि ठेकेदार ने योजना के तहत बेहद अनियमित और घटिया स्तर पर नाली का निर्माण किया, जिसके चलते नाली निर्माण के कुछ ही दिनों बाद कमजोर होकर एक तरफ से टूट गई. स्थिति तब और बदतर हो गई जब घरों के मुख्य दरवाजों के सामने आवाजाही के लिए स्लिप नहीं दिया गया, जिससे छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा, मनमाने तरीके से सड़क पर मिट्टी का भारी जमाव कर दिए जाने के कारण ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है.
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय मुखिया समेत संबंधित विभाग के अधिकारियों के कई चक्कर काटे और कई बार गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें केवल कोरे आश्वासन ही मिले. विभाग और जनप्रतिनिधियों की इस उदासीनता के कारण अब तक न तो कटे हुए पाइप को जोड़ा गया है और न ही टूटी नालियों पर स्लिप लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और कभी भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: कांके के मनातु तालाब से शव बरामद होने से सनसनी, रातू के झखराटांड निवासी के रूप में हुई शव की पहचान