अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने गढ़वा-पलामू जिला के बॉडर स्थित रेहला रोड के किनारे एक खेत में लंबे समय से संचालित बूंदी लड्डू निर्माण कारखाने में औचक छापेमारी की. जांच के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.प्राथमिक भौतिक जांच में पाया गया कि जिन बूंदी के लड्डुओं को बेसन से निर्मित बताकर बाजार में बेचा जा रहा था, उनके निर्माण स्थल पर वास्तविक बेसन उपलब्ध नहीं था. पूछताछ के दौरान कारखाना संचालक ने बताया कि वह बाजार समिति से लगभग 40 रुपये प्रति किलो की दर से मिलने वाला तथाकथित गुलकंद 'बेसन' खरीदता है. आरोप है कि उक्त सामग्री में खेसारी दाल, घटिया किस्म की मैदा एवं अरवा चावल मिश्रित रहता है. मौके पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री एवं दो बोरी मैदा भी रखी मिली. कारखाना संचालक की निशानदेही पर बाजार समिति स्थित दुकानों में भी जांच की गई, जहां संबंधित सामग्री की बिक्री की जानकारी ली गयी.
मामले की विस्तृत जांच एवं खाद्य सामग्री के नमूनों की परीक्षण प्रक्रिया के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है. वहीं एसडीएम ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ लोग मिलावटी एवं निम्न गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में नकली मिठाई बेचने के आरोप में कार्रवाई झेल चुके प्लास्टिक कारोबारियों में से एक व्यक्ति द्वारा पुनः उसी प्रकार का कारोबार शुरू किए जाने की जानकारी मिली है. ऐसे व्यक्ति को आदतन अपराधी घोषित करते हुए उसके विरुद्ध आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जा रही है.
एसडीएम में बताया कि आरोपी व्यक्ति सपरिवार इस कार्य को करता है,देखने में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार है, किंतु इसका मतलब यह नहीं कि वह कोई ऐसा व्यवसाय करे जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर व्यापक दुष्प्रभाव पड़े. जो जानकारी इस कारखाने से मिली उसके अनुसार गढ़वा बस स्टैंड, मेन बाजार और यहां तक कि रमकंडा प्रखंड तक यहां बने लड्डू की सप्लाई होती है. मौके पर भी बड़ी मात्रा में बूंदी बनते हुई मिली.
यह भी पड़ें: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनएसएस ने चलाया जागरूकता अभियान, नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प