रांची/डेस्क: सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. इस अवसर पर शिक्षकों ने हिंदी भाषा की महत्ता और गरिमा पर प्रकाश डालते हुए विविध प्रस्तुतियां दीं. वैश्विक दुनिया में हिंदी का वर्चस्व, हिंदी भाषा का उद्गम और विकास, महाभारत के अर्जुन-कर्ण संवाद के जरिए हिंदी भाषा की गहराई और महत्ता को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया गया. साथ ही हिंदी हमसे कह रही है शीर्षक से हिंदी की पीड़ा और उपेक्षा की स्थिति को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं को आत्ममंथन के लिए प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने हिंदी के प्रसिद्ध मुहावरों को अत्यंत रोचक शैली में प्रस्तुत कर समारोह को जीवंत बना दिया.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. उन्होंने हिंदी दिवस की शुभकामनाओं के साथ कविताएं, नारे और विचार प्रस्तुत करते हुए वीडियो बनाए, जिनसे हिंदी के प्रति उनका सम्मान और प्रेम झलकता है. इस अवसर ने समस्त शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और भी प्रबल किया.
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ दी. उन्होंने भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साधन के रूप में हिंदी के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के महत्व पर बल दिया.
यह भी पढ़ें : खण्डामौदा पीएम श्रीप्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षक-अभिभावकों की बैठक आयोजित