न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के गहराने के कारण झारखंड के कई इलाकों में शुक्रवार को दोपहर बाद से भारी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव वाला क्षेत्र शनिवार की सुबह ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ जाएगा, लेकिन इसकी नमी का असर पूरे राज्य पर पड़ेगा.
कोल्हान और सिमडेगा में ज्यादा असर
खासकर कोल्हान और सिमडेगा इलाके में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने शनिवार को रांची सहित कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. इसे देखते हुए पूरे राज्य में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.
28 से 30 सितंबर तक राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, लोगों को 28 से 30 सितंबर तक लगातार बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है. हालांकि, इस दौरान भी दोपहर बाद वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है.
एक और दो अक्तूबर को फिर बन सकता है निम्न दबाव क्षेत्र
बंगाल की खाड़ी में एक और दो अक्तूबर को भी एक बार फिर से निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना नजर आ रही है, जिसके कारण रांची सहित कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.
तापमान में आई गिरावट
बारिश के कारण एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. रांची के तापमान में पिछले 24 घंटे में 2.3 ∘C की गिरावट आई. शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.3 ∘C रहा.
वज्रपात से दो की मौत
शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम प्रखंड के नामशोल गांव में वज्रपात की चपेट में आने से चक्रधर कुंभकार (50) और प्रभाष सिंह (45) की मौत हो गई. दोनों दोपहर में खेत में काम कर रहे थे.
आज से शुरू हो रहा है हस्ता नक्षत्र
पंचांग के अनुसार, हस्ता (हथिया) नक्षत्र शनिवार से शुरू हो रहा है. इसका समापन 11 अक्तूबर को सुबह 10.51 बजे होगा. इसके बाद चित्रा नक्षत्र लगेगा, जो 24 अक्तूबर तक रहेगा. इसके बाद स्वाति नक्षत्र शुरू होगा, जिसका समापन छह नवंबर को होगा. इसी के साथ वर्षा ऋतु का भी समापन हो जाएगा.
यह भी पढ़े: हाउसकीपिंग का टेंडर रद्द करने के कारणों की आरटीआई से मांगी गयी जानकारी