संजय कुमार साहू/न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: महावीर मंडल, पुंदाग के तत्वावधान में रविवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन संपन्न हुआ. बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र धर्ममय वातावरण में सराबोर हो गया. यात्रा के दौरान 'जय श्री राम' और 'हर हर महादेव' के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान रहा. इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश तेली समाज के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साहू, रांची जिला अध्यक्ष जेम्स कश्यप, महावीर मंडल समिति के अध्यक्ष सूरज साहू, काशीनाथ महतो, परमानंद साहू, प्रकाश साहू, राम कुमार, विकास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी उपस्थित रहे.
मुख्य अतिथि अरूण साहू ने महावीर मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, "ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में संस्कार, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. युवाओं को सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजना चाहिए." कार्यक्रम के अंत में महावीर मंडल समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया. आयोजन को सफल बनाने वाले समस्त श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया.