न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गांधी जयंती के शुभ अवसर पर पलामू जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. इस दौड़ में उप विकास आयुक्त, जिले के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी, विभिन्न गणमान्य लोग, और बड़ी संख्या में बच्चे, युवा व बुजुर्गों ने एक साथ कंधे से कंधا मिलाकर हिस्सा लिया और दौड़ लगाई.
यह मैराथन दौड़ पलामू समाहरणालय परिसर से शुरू होकर सिंगरा अमानत नदी पुल तक आयोजित की गई. दौड़ संपन्न होने के बाद वहां व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया.
इस आयोजन के अंत में मैराथन दौड़ में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तथा अव्वल रहे सभी अभ्यर्थियों को पलामू के उपायुक्त ने अपने हाथों से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का जिला प्रशासन हौसला अफजाई करता है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि इन प्रतिभावान बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री, जैसे जूते और कपड़े, का विशेष ध्यान रखा जाएगा और उन्हें ये वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर हमारे जिले का नाम रोशन कर सकें.
इसे भी पढ़ें: वियतनाम में रांची के युवक की मौत: कल रांची पहुंचेगा राजा का शव