न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राज्य को चार नए सूचना आयुक्त मिल गए हैं. राजधानी रांची के लोक भवन स्थित दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चारों नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस नियुक्ति से अब सूचना के अधिकार यानी RTI से जुड़े लंबित मामलों के जल्द निपटारे की उम्मीद बढ़ गई है.
लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनुज कुमार सिन्हा, डॉ. तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को राज्य के सूचना आयुक्त के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि बहुत दिनों से लोगों की मांग थी कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति हो. अब यह प्रक्रिया पूरी हो गई है. इससे जनता के लंबित मामलों के समाधान में तेजी आएगी और पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी. वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सूचना का अधिकार कानून पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का मजबूत माध्यम है. लंबे समय से सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का इंतजार था, जो अब पूरा हो गया है. अध्यक्ष ने कहा कि आरटीआई कानून यूपीए सरकार की बड़ी उपलब्धि थी. सूचना आयुक्तों की नियुक्ति नहीं होने से कई मामले लंबित थे. अब उम्मीद है कि चारों आयुक्त मिलकर इन मामलों का तेजी से निपटारा करेंगे.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी एवं बैद्यनाथ राम, पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा, अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल तथा गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग श्रीमती वंदना दादेल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह के अवर निबंधक बालेश्वर पटेल की हत्या के विरोध में रांची में निबंधन का किया गया ठप