अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा-पलामू जिले के बॉडर स्थित चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करसो जंगल से एक युवती का अधजली अवस्था में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पलामू जिले चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जंगल में एक युवती का अधजला शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया.
प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में लाकर जलाने का प्रयास किया गया या घटना किसी अन्य कारण से हुई. चैनपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. युवती की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: बहरागोड़ा सिद्धू-कान्हू-बिरसा समिति ने मनाया हूल महा दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि