न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार एकदर्दनाक घटना में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी 62 वर्षीय संदीप पाल की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, संदीप पाल को गंभीर अवस्था में तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे थे. करीब 15 दिन पूर्व ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर लौटे थे. बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य को लेकर वह काफी चिंतित रहते थे.
संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर कार्यरत रह चुके थे और सेवानिवृत्ति के बाद परिवार के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे. उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिचितों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर तांता लग गया.घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी.