विकास कुमार /न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: शिक्षा की अलख जगाने और जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से हुसैनाबाद शहर में एक सराहनीय पहल देखने को मिली. शहर के वार्ड नंबर-1 स्थित भुइयां टोला में पीएफके ग्रुप द्वारा संचालित निःशुल्क ट्यूशन सेंटर में पूर्व नगर अध्यक्ष शशि कुमार ने सेंटर में पढ़ रहे गरीब और असहाय छात्र-छात्राओं के बीच कॉपियां, कलम, पेंसिल और अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्रियों का वितरण किया. शिक्षण सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे.सामग्री वितरण के बाद बच्चों को संबोधित करते हुए पूर्व नगर अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा ही समाज में बदलाव लाने और बच्चों को एक बेहतर भविष्य देने का सबसे सशक्त माध्यम है.
उन्होंने पीएफके ग्रुप के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा की गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है. जब ये बच्चे पढ़ेंगे, तभी हमारा समाज और देश आगे बढ़ेगा. मुझसे जो भी संभव होगा, मैं इन बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आगे भी सहयोग करता रहूंगा. पीएफके ग्रुप के संचालक पुनीत कुमार सिंह ने पूर्व नगर अध्यक्ष शशि कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस सहयोग से बच्चों का हौसला और बढ़ेगा.
उन्होंने ट्यूशन सेंटर के सफर की जानकारी देते हुए बताया की इस निःशुल्क ट्यूशन सेंटर की शुरुआत 15 अगस्त 2024 को हुई थी.इसका उद्देश्य भुइयां टोला और आसपास के उन गरीब व असहाय बच्चों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना, जो आर्थिक तंगी के कारण कोचिंग या ट्यूशन की फीस नहीं दे पाते. यह सफर पूरी तरह से बच्चों के बेहतर भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है.संचालक पुनीत कुमार सिंह ने समाज के अन्य सक्षम और प्रबुद्ध लोगों से भी भावुक अपील की.
उन्होंने कहा कि सरकार और संस्थाएं अपने स्तर पर प्रयास कर रही हैं, लेकिन जब तक समाज के प्रबुद्ध लोग आगे आकर अपना योगदान नहीं देंगे, तब तक हर अंतिम बच्चे तक शिक्षा का उजाला पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होगा. उन्होंने समर्थ लोगों से गरीब बच्चों के शिक्षण कार्य में स्वेच्छा से कॉपी-किताबें, फीस या अन्य माध्यमों से सहयोग करने का आग्रह किया.
यह भी पढ़ें: झारखंड में Heatwave और Thunderstorm का डबल अटैक, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट