मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत बिजली बथान में वन विभाग ने बुधवार की दोपहर शाम अवैध आरा मिल पर बड़ी कार्रवाई की है. रेंजर एसके रवि के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई. जानकारी के अनुसार, बिजली बथान में लंबे समय से अवैध रूप से आरा मिल संचालित हो रहा था. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. इस दौरान करीब 2 लाख रुपए मूल्य की अलग अलग अवैध लकड़ी जब्त की गई. साथ ही आरा मिल में लगी मशीनों को भी जेसीबी से ध्वस्त कर जब्त कर लिया गया है.
रेंजर एसके रवि ने बताया कि अवैध कटाई और लकड़ी के कारोबार पर विभाग की पैनी नजर है. इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल संदीप मिश्रा, वनरक्षी दीपक कुमार, रमेश टुडू, एंथोनी हेंब्रम, छोटू दास, मुकेश दास समेत कई वनकर्मी शामिल थे. वन विभाग ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध आरा मिलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. जब्त लकड़ी और मशीनों को विभागीय कार्रवाई के बाद अग्रेतर कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा. स्थानीय लोगों ने विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है.
यह भी पढ़ें: सारंडा मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी नक्सली इस्राइल पूर्ति, एसएलआर राइफल बरामद