न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया हैं. आज राज्यभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिलेगा. एक तरफ कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई हैं. मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी हैं.
राजधानी रांची में गर्मी बढ़ी
राजधानी रांची में आज आसमान साफ रहने की संभावना हैं. यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं. सुबह और शाम हल्की राहत महसूस हो सकती है, लेकिन दोपहर में गर्म हवाएं परेशान करेंगी. आज सबसे ज्यादा गर्मी जमशेदपुर और धनबाद में दर्ज की जा सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना हैं. वहीं धनबाद में पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता हैं. न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहेगा.
बोकारो समेत कई शहरों में भी तपिश
बोकारो में भी गर्मी का असर तेज रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान हैं. इसके अलावा हजारीबाग, गिरिडीह और कोडरमा जैसे जिलों में भी तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर रहने वाले हैं. इन इलाकों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता हैं. साथ ही गर्म हवाएं चलने से हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती हैं.
इन जिलों में बारिश की संभावना
भीषण गर्मी के बीच कुछ जिलों में मौसम राहत भी दे सकता हैं. पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में हल्की बारिश या बादल छाए रहने की संभावना हैं. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती हैं. हालांकि उमस बढ़ने के भी आसार हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे ज्यादा खतरनाक रहेगी. गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिलों में आज गर्मी सामान्य स्तर पर रहने की संभावना हैं. यहां अन्य जिलों की तुलना में मौसम थोड़ा राहतभरा रह सकता हैं. आज झारखंड में मौसम दो रंग दिखाएगा. जहां एक ओर जमशेदपुर, धनबाद, पलामू और गढ़वा जैसे जिलों में गर्मी कहर बरपाएगी, वहीं सिंहभूम क्षेत्र के कुछ इलाकों में हल्की बारिश राहत दे सकती हैं.
यह भी पढ़े: रांची सिविल कोर्ट से जीआर केस की फाइल गायब, पूर्व कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप दर्ज