न्यूज़11 भारत
पलामू/ डेस्क: पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद प्रखंड के लोटनिया पंचायत के मलवारिया गाँव में कबड्डी खिलाड़ियों से मिले कर्नल (डॉ.) संजय कुमार सिंह ने लड़के और लड़कियों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए ग्रामीण युवाओं को शिक्षा के साथ करियर और खेल में सही मार्गदर्शन देना जरूरी है. कर्नल सिंह ने कहा कि झारखंड की कबड्डी टीमों में हुसैनाबाद के खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही है. लेकिन उचित कबड्डी मैदान, ड्रेस और किट के अभाव में मलवारिया के खिलाड़ी हाई स्कूल के प्रांगण में अभ्यास करने को मजबूर हैं. उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी जय कुमार को ग्रामीण क्षेत्र में खेल बढ़ाने के प्रयासों में हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.
उन्होंने पलामू के उपायुक्त, जिला खेल पदाधिकारी और राज्य के खेल प्राधिकरण से हुसैनाबाद में उपयुक्त मैदान, कबड्डी मैट, ड्रेस, किट, प्रशिक्षित कोच और नियमित प्रशिक्षण शिविर उपलब्ध कराने का आग्रह किया. साथ ही बालक-बालिकाओं के लिए पारदर्शी चयन और प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु यात्रा सहायता की माँग की. कर्नल सिंह ने कहा, यह एक शुरुआत है. खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए हमें पूरे सफर में उनके साथ खड़ा रहना होगा.
यह भी पढ़ें: धनबाद सीओ से 1 करोड़ रंगदारी की मांग, WhatsApp पर दी गोली मारने की धमकी