न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर बाजार स्थित डायमंड पेट्रोल पंप में अचानक जोरदार धमाका हो गया. धमाका पेट्रोल पंप के केबिन में हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धमाके की आवाज आसपास के इलाकों में भी सुनाई दी.
धमाके के कारण पेट्रोल पंप का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके अलावा बाथरूम, इलेक्ट्रॉनिक रूम और बैक ऑफिस को भी नुकसान पहुंचा है. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास स्थित दुकानों और घरों के शीशे भी टूट गए.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल पंप के केबिन में आखिर किस वजह से धमाका हुआ. फिलहाल धमाके के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ ही पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.