पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के ठीक सामने एक ओर जहां नए मोटरसाइकिल शोरूम के उद्घाटन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर इंटरमीडिएट परीक्षा दे रहे छात्रों की एकाग्रता भंग होती रही. मामला देव इंटरप्राइजेज नामक मोटरसाइकिल शोरूम के उद्घाटन का है, जिसे मुखिया कॉम्प्लेक्स में रुकी निवासी देव उरांव द्वारा खोला गया. उद्घाटन के अवसर पर परिसर में लाउडस्पीकर और डीजे के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया.
उसी समय विद्यालय के अंदर इंटरमीडिएट के छात्रों की राजनीति विज्ञान की परीक्षा चल रही थी. तेज आवाज में बज रहे गानों और लगातार हो रही उद्घोषणाओं के कारण परीक्षार्थियों को प्रश्नों पर ध्यान केंद्रित करने में काफी कठिनाई हुई. कई छात्र परीक्षा के दौरान असहज और परेशान नजर आए.
बताया जाता है कि परीक्षा केंद्र के इतने करीब तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग नियमों के विरुद्ध है, क्योंकि परीक्षा अवधि में आसपास शांति बनाए रखना अनिवार्य होता है. हालांकि बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद लाउडस्पीकर की आवाज कम कराई गई, लेकिन तब तक परीक्षार्थियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ चुकी थी. स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र के ठीक सामने कार्यक्रम की अनुमति देना गंभीर सवाल खड़े करता है.
यह भी पढ़ें: लुटेरी दुल्हन शादी के 5 दिन बाद गहने व नगदी लेकर हुई फरार! पर बन नहीं पायी, प्रेमी के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार