मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल एनके एवं पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ सीआईएसएफ का अभियान जारी है. कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर केरकेट्टा जंगल में रात में ड्रोन निगरानी के बाद दिन में व्यापक कॉम्बिंग एवं सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया.
सर्चिंग के दौरान जंगल के विभिन्न हिस्सों में अवैध खनन के निशान, खनन स्थल और करीब 10 टन अवैध कोयला बरामद हुआ. कई जगह कोयले को कपड़े, घास-फूस और पत्तियों से ढककर छिपाया गया था. ड्रोन निगरानी में ट्रैक्टर के जरिए कोयले की अवैध निकासी और परिवहन के संकेत भी मिले थे.
कमांडेंट अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन स्थलों और कोयला भंडारण का निरीक्षण किया. उन्होंने अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे कुएं का भी जायजा लिया. करीब 8 टन कोयला उठाकर सुरक्षित कराने के लिए सीसीएल प्रबंधन से अनुरोध किया गया है. वहीं, मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस और वन विभाग को भी दी गई है.
कार्रवाई में सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा, निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, निरीक्षक पंकज झा, सीआईडब्ल्यू/क्राइम टीम और सीआईएसएफ की कोयला रेड टीम शामिल रही. कमांडेंट ने कहा कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा MMDR Act, 1957 सहित लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बगोदर जीटी रोड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच ट्रकों से 60 मवेशी बरामद