अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के कल्याणपुर स्थित आवासीय कार्यालय में शनिवार को पूर्व मंत्री सह केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में झामुमो महिला मोर्चा की जिला एवं प्रखंड कमिटियों की घोषणा सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रेखा चौबे ने की. कार्यक्रम के दौरान गढ़वा जिला कमिटी के साथ-साथ कई प्रखंडों की नवगठित कमिटियों की औपचारिक घोषणा की गई. इनमें गढ़वा, नगर परिषद गढ़वा, मेराल, डंडा, रंका, रमकंडा, चिनिया, बरडीहा, मंझिआंव, कांडी एवं बड़गड़ प्रखंड शामिल हैं. सभी नवगठित प्रखंड कमिटियों के पदधारियों को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.
मिथिलेश ठाकुर ने नवनियुक्त पदधारियों को दी बधाई
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मिथिलेश कुमार ठाकुर ने नवनियुक्त पदधारियों को बधाई देते हुए कहा कि आप केवल सदस्य नहीं, बल्कि संगठन की सशक्त आवाज हैं. आपकी सक्रिय भागीदारी और समर्पण ही पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा. उन्होंने कहा कि झामुमो महिला मोर्चा का उद्देश्य केवल पद धारण करना नहीं, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करना है. उन्होंने आगे कहा कि जब हमारी माताएं और बहनें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होंगी, तभी झारखंड वास्तविक अर्थों में विकसित राज्य बन सकेगा. कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया गया.
यह भी पढ़ें: गढ़वा DC दिनेश यादव का 7 अप्रैल का जनसुनवाई कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से स्थगित, नई तिथि की घोषणा शीघ्र