न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: कोयला नगरी के रूप में पहचान रखने वाला धनबाद अब देश के उभरते 'इनोवेशन हब' के रूप में अपनी नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है. IIT (ISM) धनबाद के परिसर में 'IInvenTiv 2026' का चौथा संस्करण सोमवार से शुरू हो गया है. 6 और 7 अप्रैल तक चलने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में देश के 23 IIT में से 15 संस्थान भाग ले रहे हैं.
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार द्वारा किया गया. इस अवसर पर देश के प्रमुख वैज्ञानिक, शिक्षाविद और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल होंगे. यह आयोजन पीएम नरेंद्र मोदी की 'भारत इनोवेंट्स' पहल से प्रेरित है और 'रिसर्च से इम्पैक्ट' की अवधारणा पर आधारित है.
इन क्षेत्रों पर रहेगा खास फोकस
इस वर्ष आयोजन में पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मटेरियल साइंस, हेल्थकेयर, आर्ट साइंस और सेमीकंडक्टर शामिल हैं. इन क्षेत्रों को भविष्य की तकनीकी दिशा तय करने वाला माना जा रहा है.
ग्लोबल कनेक्शन: फ्रांस से जुड़ाव
‘IInvenTiv 2026’ की एक अहम विशेषता इसका अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव है. इस मंच के माध्यम से भारतीय स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को फ्रांस के वेंचर कैपिटलिस्ट्स के साथ सीधे जुड़ने और वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा. इससे भारतीय शोध को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावना बढ़ेगी.
IIT नेटवर्क का साझा प्रयास
इससे पहले इस आयोजन की मेजबानी IIT बॉम्बे कर चुका है. इस बार इसे सफल बनाने के लिए IIT BHU, IIT पटना, IIT खड़गपुर और IIT Bhubaneswar सहित कई प्रमुख संस्थान मिलकर काम कर रहे हैं. यह आयोजन न केवल धनबाद बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय बनकर उभर रहा है. इससे स्थानीय युवाओं, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स को नई दिशा और अवसर मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- बुंडू सिविल कोर्ट निर्माण में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, 9 अप्रैल को सभी अधिकारियों को किया तलब