रवि सिन्हा/न्यूज11 भारत
डुमरी/डेस्क: जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी ने सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गिरिडीह से भेंट कर एवं पत्र सौंपकर डुमरी प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक उप-स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त CHO एवं MPW के पदों पर शीघ्र पदस्थापना करने तथा डुमरी रेफरल अस्पताल में ब्लड स्टोरेज सुविधा तत्काल बहाल करने की मांग की है.
उन्होंने बताया कि लक्ष्मणटुंडा एवं मधगोपाली पंचायत के नगलो प्राथमिक उप-स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों के पद रिक्त हैं. इसके कारण ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
उन्होंने डुमरी रेफरल अस्पताल में वर्ष 2019 में स्थापित ब्लड स्टोरेज मशीन के लंबे समय से संचालित नहीं होने एवं अस्पताल में उपलब्ध नहीं रहने का मुद्दा भी पदाधिकारी के समक्ष रखा. उन्होंने कहा कि ब्लड स्टोरेज की सुविधा नहीं होने से गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल मरीजों, ऑपरेशन के मरीजों एवं अन्य गंभीर रोगियों को आपातकाल में रक्त उपलब्ध कराने में कठिनाई होती है.
सुनीता कुमारी ने मांग की कि वर्ष 2019 में स्थापित ब्लड स्टोरेज मशीन अस्पताल से किन परिस्थितियों में हटाई गई, इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि मशीन को कहीं अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया गया है तो उसे तत्काल डुमरी रेफरल अस्पताल में वापस स्थापित किया जाए साथ ही आवश्यक लाइसेंस, प्रशिक्षित कर्मी एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था कर इसका नियमित संचालन शुरू कराया जाए. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए. CHO एवं MPW की शीघ्र पदस्थापना तथा ब्लड स्टोरेज सुविधा की बहाली से डुमरी क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. सुनीता कुमारी ने स्वास्थ्य विभाग से दोनों मामलों में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
यह भी पढ़ें: लगातार बारिश से भरनो प्रखंड में चार ग्रामीणों के मिट्टी के मकान गिरे, घरेलू सामान दबकर बर्बाद