मधु सुदन/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं और आधारभूत संरचना का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष वार्ड, स्टोर रूम, ऑपरेशन थिएटर, लैब सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया गया. वहीं निर्माणाधीन डायलिसिस सेंटर के कार्य की भी समीक्षा की गई.
महिला वार्ड में निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने मरीजों को निर्धारित चार्ट के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
डायलिसिस सेंटर के निर्माण कार्य की समीक्षा में करीब 80 प्रतिशत काम पूरा पाया गया. डीडीसी ने शेष कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर सेंटर को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया. इससे गम्हरिया और आसपास के मरीजों को स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी.
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की भवन मरम्मत और जीर्णोद्धार से जुड़े प्रस्तावित कार्यों का भी स्थल निरीक्षण किया गया. डीडीसी ने चिह्नित कमियों के आधार पर आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्राथमिकता के साथ मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उप विकास आयुक्त ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान प्रभारी DRCHO डॉ. सुजीत मुर्मू और गम्हरिया के MOIC सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.